साल्हावास। बहु से खानपुर कलां जाने वाली मुख्य सड़क की हालत बदहाल है। सड़क के दोनों किनारों पर खड़े पेड़ों की बड़ी-बड़ी टहनियां और झाड़ियां इस कदर सड़क पर झुक आई हैं कि कई जगह सड़क दिखाई तक नहीं देती। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जाहरवीर गोगा जी मंदिर कमेटी के प्रधान अत्तर सिंह, रमेश शर्मा, कप्तान सिंह, पूनम पंडित, बलबीर मिस्त्री सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क प्रसिद्ध जाहरवीर गोगा जी मंदिर को मुख्य मार्ग से जोड़ती है। रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु इसी रास्ते से मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। इसके अलावा राजकीय महिला महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राएं भी इसी मार्ग से गुजरती हैं। सड़क पर झुकी टहनियों और झाड़ियों के कारण उन्हें अंधेरे में असुरक्षा और परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मंदिर कमेटी के प्रधान ने बताया कि आगामी 4 और 5 सितंबर को जन्माष्टमी और गोगा नवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल कुश्ती दंगल और मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें हरियाणा के अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश से हजारों पहलवान और श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में यदि समय रहते सड़क किनारे झुकी टहनियों की कटाई और झाड़ियों की सफाई नहीं कराई गई तो दुर्घटना का खतरा बना रहेगा।