रोहतक। एचसीएमएस (हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेस) एसोसिएशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश के सभी एचसीएमएस डॉक्टर 25 जुलाई को रोहतक जिला समेत प्रदेशभर में पूरी तरह से कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। इसको लेकर प्रदेश के चार डॉक्टर समेत रोहतक के चिकित्सक डॉ. मंदीप पंचकूला में भूख हड़ताल बुधवार को ही बैठ गए हैं। एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. विश्वजीत राठी ने बताया कि वह पहले ही सीएमओ डॉ. अनिल बिरला को ज्ञापन चुके हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर कोई सकारात्मक जवाब न दिए जाने के कारण उन्हें अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लेना पड़ रहा है। यह पहली बार हरियाणा के इतिहास में होगा जब पूरे प्रदेश में एक साथ पोस्टमार्टम से लेकर इमरजेंसी, ओपीडी सेवाएं, अल्ट्रासाउंड आदि सभी सेवाएं पूर्ण रूप से बंद रहेंगी। दवाइयां तक मरीजों को उपलब्ध नहीं होंगी।
एसोसिएशन स्टेट प्रेसिडेंट भूख हड़ताल पर बैठे
एसोसिएशन के स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. राजेश कादियान अपने सहयोगियों के साथ डायरेक्टर जनरल कार्यालय स्वास्थ्य के बाहर भूख हड़ताल पर बुधवार शाम से बैठ गए हैं। भूख हड़ताल में स्टेट प्रेसिडेंट के साथ डॉ. विजेंद्र ढांडा, डॉ. मदीप सैनी, डॉ. मंदीप कादियान भी बैठे हैं।
जिला अस्पताल समेत पीएचसी और सीएचसी सेंटर रहेंगे बंद
एक जिला अस्पताल, दो उपमंडल जिला अस्पताल, 6 सीएचसी और 17 पीएचसी में पूर्ण रूप से कार्य बंद रहेंगे। इसके अलावा मोहल्लों की पॉलीक्लिनिक और डिस्पेंसरी भी बंद रहेंगी।