खराब मौसम में ट्रेनों की देरी और हादसों से बचने के लिए रेलवे ने 10
गाड़ियों को पूर्ण रूप से निरस्त कर दिया है। वहीं, चार गाड़ियों को आंशिक
निरस्त करते हुए चार अन्य गाड़ियों का मार्ग बदला है। इसके अलावा 202
गाड़ियों के फेरे घटा दिए हैं।
रोहतक स्टेशन से जाने वाली गोरखधाम
सुपरफास्ट और उद्यान आभा एक्सप्रेस के फेरे कम कर दिए हैं। यह व्यवस्था 8
जनवरी से 29 फरवरी तक लागू होगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार तय समय सीमा के
अंदर 12555 गोरखधाम सुपरफास्ट मंगलवार और शुक्रवार तथा 12556 गोरखधाम
सुपरफास्ट बुधवार और शनिवार नहीं चलेगी।
वहीं, 13007 उद्यान आभा तूफान
एक्सप्रेस बुधवार और रविवार तथा 13008 उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस मंगलवार
और शुक्रवार को नहीं चलेगी। वहीं, 14723 कालिंदी एक्सप्रेस बुधवार और 14724
कालिंदी एक्सप्रेस मंगलवार को रद रहेगी।
गाड़ियों का इंतजार हुआ लंबा
यात्रियों
को कोहरे के चलते बुधवार को अपनी गाड़ी का लंबा इंतजार करना पड़ा। पंजाब
मेल ढाई घंटा तो आभा तूफान एक घंटा देरी से पहुंची। अवध आसाम ढाई, गोरखधाम
साढे़ सात, कालिंदी साढे़ चार, धौलाधर तीन घंटा देरी से रवाना हुई। मुंबई
फिरोजपुर निर्धारित समय से 10 घंटा देरी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।