रोहतक रेलवे स्टेशन पर ट्रैक से उतरी ट्रेन। संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोहतक-दिल्ली ईएमयू ट्रेन शुक्रवार को शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गई। ट्रेन पूर्वाह्न 11:45 बजे दिल्ली से रोहतक रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। इसके कुछ देर बाद शंटिंग करते वक्त ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। इससे रेलवे अधिकारियों में अफरा तफरी का माहौल रहा। रेलवे अधिकारी ने बताया कि शंटिंग के दौरान काटे में आई दिक्कत के कारण ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। गनीमत यह रही कि ट्रेन की स्पीड कम थी वरना बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल ज्यादातर ट्रेनें बंद है, जिसके चलते रेलवे प्रशासन को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। जींद से आई रेलवे की तकनीकी टीम ने शाम करीब पांच बजे जैक द्वारा इंजन को पटरी पर चढ़ा दिया। तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
ईएमयू ट्रेन दिल्ली से रोहतक आई थी और शंटिंग के दौरान काटे में दिक्कत आने के कारण इंजन पटरी से नीचे उतर गया। उसी समय तकनीकी टीम को सूचित कर दिया गया और जींद से आई टीम ने जैक द्वारा इंजन को पटरी पर चढ़ा दिया। अब किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं है।
- बीएस मीणा, स्टेशन अधीक्षक, रोहतक