हनुमान चालीसा का पाठ करता व्यापारी वर्ग। संवाद
कलानौर। नूंह प्रकरण के विरोध में शुक्रवार को कलानौर में व्यापारी और हिंदू संगठनों ने मिलकर शुक्रवार को बाजार को पूरी तरह से बंद रखा। यही नहीं इस घटना के विरोध में सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। माहौल को देखते हुए तहसीलदार राजेश सैनी व कलानौर थाना प्रभारी रमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने व्यापारियों से बात की। इसके बाद व्यापारियों ने तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन पत्र सौंप कर इस घटना में दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई।
व्यापारियों का कहना है कि नूंह में जो घटना घटित हुई, वह बहुत गलत है। दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। तहसीलदार राजेश सैनी ने उनको आश्वासन दिया है कि उनकी मांग को सरकार तक पहुंचा देंगे।
अलर्ट मोड पर रहा प्रशासन
व्यापारियों व हिंदू संगठन द्वारा कलानौर में बाजार बंद के फैसले के बाद कलानौर में प्रशासन अलर्ट रहा। हर मोड पर पुलिस व खुफिया विभाग की पैनी नजर बनी रही। कलानौर में मस्जिद के बाहर भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। मस्जिद के गेट पर पहले से ही ताला लगा हुआ नजर आया। बताया जा रहा है कि मस्जिद में रहने वाले लोग पहले ही अपनी रिश्तेदारी में चले गए।
ज्ञापन में रखीं मांगें
दंगाइयों को गिरफ्तार कर एनएसए कानून के तहत मुकदमा दर्ज हो, नुकसान की भरपाई संपत्ति कुर्क करके हो, मृतकों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा व घायलों को 20 लाख रुपये, मेवात में स्थाई सैनिक या अर्धसैनिक बलों का स्थाई केंद्र या सैनिक छावनी बनाएं, प्रदेश के संवेदनशील जगहों को चिह्नित करके वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाएं, देश में समान नागरिक संहिता कानून लागू हो, अवैध रूप से रह रहे लोगों की जांच हो।