30-गिरावड़ गांव में गेहूं की ट्रैक्टर चलाकर नष्ट की गई फसल को देखते ग्रामीण। स्रोत : ग्रामीण
रोहतक। लाखनमाजरा के गांव गिरावड़ में रात को किसी ने 11 बीघा गेहूं की फसल को ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। इससे खेत मालिक को डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस संबंध में लाखनमाजरा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
गिरावड़ निवासी मंजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन साल पहले उन्होंने गांव के युवक जितेंद्र से 11 बीघा जमीन खरीदी थी। इसकी रजिस्ट्री व इंतकाल मां के नाम है। साथ ही जमीन पर भी परिवार का कब्जा है।
पीड़ित का कहना है कि उसने गेहूं की फसल बो रखी थी। उन्हें शक है कि सात अप्रैल की रात को गांव के युवक सुनील उर्फ बीनू ने ट्रैक्टर-हैरो चलाकर फसल को नष्ट कर दिया। इससे उनका डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हो गया है।
आरोप है कि सुनील व अन्य ने महम अदालत में जमीन को लेकर केस दायर किया हुआ है। जमीन पर कब्जे के लिए ट्रैक्टर चलाकर खड़ी फसल को नष्ट किया है। कानूनी कार्रवाई की जाए।