रोहतक। टमाटर का भाव पहले से ही महंगाई की मार से त्रस्त लोगों को और लाल कर रहा है। टमाटर थोक में 60 रुपये से 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। दामों में उछाल से फुटकर विक्रेता 100 रुपये किलो तक बेच रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं के अनुसार बीते एक सप्ताह के दौरान ही बाजार में टमाटर की कीमतें दोगुना और कहीं-कहीं उससे भी ज्यादा हो गई हैं।
सब्जी मंडी एसोसिएशन के सचिव साहिल मग्गू ने बताया कि पिछले सप्ताह जो टमाटर मंडी में थोक में 20 से 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। अब यह आंकड़ा 60 से 70 रुपये हो गया है। टमाटर के अचानक महंगा होने का कारण बारिश में टमाटर की फसल खराब होना है। बारिश और बिपरजॉय के कारण महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में टमाटर की फसल प्रभावित हुई तो दूसरी ओर बिहार और पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी के कारण भी टमाटर की फसल का नुकसान हुआ है। इस कारण मंडियों में टमाटर की आवक कम हो गई है। इससे एक सप्ताह में ही कीमत काफी बढ़ गई। वहीं इन दिनों स्थानीय टमाटर खत्म हो जाता है। अभी मंडी में हिमाचल प्रदेश के कुल्लु भुंतर जिले से टमाटर आ रहा है।
एक कैरेट में पांच किलो टमाटर हो जाता है खराब
ट्रक में लोड होकर आने वाला टमाटर जब मंडी में उतरता है तो एक कैरेट से कम से कम 5 किलो टमाटर खराब निकलता है। बहुत बार कैरेट इधर उधर होने के कारण टमाटर दबाव में आ जाता है। जिससे अन्य सभी कैरेटों पर भी काफी प्रभाव पड़ता है।
अन्य सब्जियों के दाम (रुपये प्रति किलो में)
सब्जी एक सप्ताह पहले अब
तौरी 15 30
मटर 20 40
फूल गोभी 20 35
अदरक 100 150