कोरोना संक्रमण को लेकर शनिवार को बाजार व कारोबार बंद रखने को लेकर असमंजस का माहौल रहा। सरकारी आदेशों को लेकर प्रशासन आम व्यापारियों को नहीं बता सका कि आवश्यक वस्तुओं में शामिल कौन-कौन सी दुकानें खुलेंगी। ऐसे में काफी व्यापारियों ने प्रशासन के पहले की नियम मानते हुए दुकान व व्यापारिक संस्थान खोल दिए। निगम ने कार्रवाई करते हुए मॉल, ऑटो एजेंसी, फास्ट फूड कार्नर से लेकर मिठाई विक्रेता सहित आठ कारोबारियों के चालान काटे। एलओ ने व्यक्तिगत तौर पर साफ किया कि रविवार को मेडिकल स्टोर, निजी अस्पताल, दूध व दही, फल व सब्जी की दुकानें की खुुलेंगी।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते सरकार ने शनिवार व रविवार को प्रदेश स्तर पर बाजार व कारोबार बंद रखने के आदेश जारी किए थे। कहा था, कि केवल आवश्यक वस्तुओं से जुड़ी दुकानें ही खुलेंगी। रोहतक में पिछले सप्ताह से ही शनिवार व रविवार को बाजार बंद रखने की व्यवस्था लागू थी, लेकिन तत्कालीन डीसी ने कई वर्गों को छूट भी दी थी। अब जिला प्रशासन ने नए सिरे से आदेश जारी करके यह नहीं बताया कि शनिवार व रविवार कौन-कौन सी दुकानें खुलेंगी। इसके चलते शनिवार को असमंजस की स्थिति रही। कई दुकानदारों व कारोबारियों ने अपने अंदाज से शॉप व मॉल खोल लिए। निगम ने कार्रवाई करते सबसे पहले सोनीपत रोड पर एक मॉल पर दस्तक दी, जहां मैनेजर ने बताया कि डीसी की तरफ से आर्डर दिया गया है। किरयाणा स्टोर खुल सकते हैं। निगम के एलओ ने कहा कि, मॉल में किरयाणा के अलावा रेडिमेड कपड़े, जूते व दूसरा कॉमर्शियल सामान है, जो आवश्यक वस्तुओं के दायरे में नहीं आता। काफी बहस के बाद निगम ने मॉल का 5 हजार रुपये का चालान किया। इसके बाद निगम की टीम दिल्ली बाईपास पर पहुंची, जहां कैफे सहित तीन कारोबारियों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान किए गए। इसमें एक मिठाई विक्रेता भी शामिल रहा। वहां से टीम पावर हाउस चौक पर पहुंची और पिज्जा कार्नर सहित दो का कारोबारियों का पांच-पांच हजार रुपये का चालान काटा। इसके बाद निगम की टीम सोनीपत स्टैंड पर पहुंची, जहां ऑटो एजेंसी का शोरूम खुला मिला, जहां शोरूम संचालक का 5 हजार रुपये का चालान काटा गया। एजेंसी संचालक ने निगम के अधिकारियों को बताया कि डीसी की तरफ से ऑटो एजेंसी को शनिवार की छूट दी थी, लेकिन निगम के अधिकारियों ने सरकार के नए आदेशों का हवाला दिया। वहां से निगम की टीम किला रोड पर पहुंची, जहां गनैरी वाली गली में खिलौने की दुकान खुली थी। निगम ने दुकानदार का 2 हजार रुपये का चालान किया।
मुख्यालय की तरफ से आदेेश आए हैं कि आवश्यक वस्तुओं से जुड़ी दुकानें ही शनिवार व रविवार को खुलेंगी। इसमें फिलहाल निगम ने मेडिकल स्टोर, निजी अस्पताल, दूध व दही, आटा चक्की, फल व सब्जी की दुकानों को माना है। मिठाई की दुकानें भी बंद रहेंगी। अगर नियम तोड़े गए तो निगम चालान काटने की कार्रवाई करेगा। शनिवार को मॉल, ऑटो एजेंसी, कैफे कार्नर व मिठाई विक्रेता सहित 8 कारोबारियों के चालान किए गए हैं।
सुरेंद्र गोयल, एलओ, नगर निगम।