Today Kovishield vaccine will be given to 550 people
रोहतक। कोरोना से बचाव के लिए चलाया जा रहा टीकाकरण अभियान वीरवार को फिर 550 लाभार्थियों को टीका लगाने के साथ शुरू होगा। अब तक इस अभियान में सबसे अधिक लाभार्थियों को टीका लगाने का रिकॉर्ड जिले में सीएचसी कलानौर के पास है तो सबसे कम पीजीआईएमएस का है। यहां पंजीकृत डॉक्टर, नर्स व स्टाफ की संख्या का महज पांच प्रतिशत को ही टीका लगाया जा सका है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिलजीत त्रेहान ने बताया कि वीरवार को किलोई, सांपला, चिड़ी, समरगोपालपुर, मदीना, पीजीआईएमएस, जिला अस्पताल में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यहां पंजीकृत लाभार्थियों को ही टीका लगाया जाएगा। डॉ. त्रेहान ने बताया कि जिले में सबसे अधिक टीका पीजीआईएमएस के स्टाफ को लगाया जाना है, लेकिन यहां कम लोग टीका लगवा रहे हैं। बार-बार जागरूक करने के बावजूद यहां टीका लगवाने के लिए कोई आगे नहीं आ रहा है। अभी तक जितने लोगों को टीका लगाया गया है किसी को बड़ी समस्या नहीं हुई है। टीकाकरण के बाद जो सामान्य समस्या होती है वह सामान्य बात है।
----
100 का था लक्ष्य, 94 ने लगवाया : डॉ. तिवारी
पीजीआईएमएस की शाखा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि महा टीकाकरण अभियान के तहत हमारा 100 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। छह लोगों को एलर्जी होने के चलते टीका नहीं लगाया गया, बाकी 94 लोगों ने टीकाकरण करवाया है। हमारे सभी साथी स्वस्थ हैं और किसी को कोई समस्या नहीं है। डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि उन्होंने स्वयं का भी टीकाकरण कराया है और कोई समस्या नहीं है। बतौर डॉक्टर वह अपने सभी साथियों से अपील करते हैं कि वह टीका जरूर लगवाएं। क्योंकि स्वयं को सुरक्षित रख कर ही हम मरीजों की बेहतर सेवा कर सकते हैं। यदि टीका नहीं लगता तो संक्रमण होने का डर बना रहता है। इस डर व संक्रमण से निजात दिलाने के लिए ही टीका लगाया जा रहा है। सरकार ने हेल्थ से जुड़े लोगों की अहमियत को देखते हुए ही टीकाकरण में हमें प्राथमिकता दी है।