रोहतक। जाट किशोरी कॉलेज के गेट से छात्रा का एक सप्ताह पहले हुए अपहरण में पुलिस ने चौथे आरोपी टिटौली गांव निवासी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। जबकि मुख्य आरोपी हनुमान कालोनी निवासी अंशुल चहल से पिस्तौल व लड़की का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। मामले में अब पांचवां आरोपी बचा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआई हरपाल सिंह ने बताया कि दादरी के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी बेटी जाट किशोरी कॉलेज में पढ़ती है, जो हर रोज दादरी से रोहतक आती थी। 16 दिसंबर को बेटी की एक सहेली का फोन आया। बोली, तीन युवक कार में सवार होकर आए और उसकी बेटी का अपहरण करके ले गए। एक युवक हाथ में पिस्तौल लिए हुए था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दूसरे दिन गोहाना रोड स्थित ब्राह्मणवास गांव के नजदीक से लड़की को बरामद कर लिया था। साथ ही दो आरोपियों गरनावठी निवासी देव व हनुमान कॉलोनी के युवक अमन को काबू किया था। बाद में मुख्य आरोपी अंशुल चहल को भी काबू कर लिया था।