सचिन के आखिरी रणजी मैच को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों में इतना उत्साह
था कि सुबह पांच बजे से ही लाहली स्थित चौ. बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में
लाइनें लगनी शुरू हो गईं।
करीब सात बजे दर्शकों का स्टेडियम के
अंदर जाना शुरू किया गया। करीब साढ़े पांच हजार फ्री टिकट बांटे जाने के
बावजूद सैकड़ों दर्शक स्टेडियम से बाहर थे। सचिन को आखिरी रणजी मैच खेलता
देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों में इतना उत्सुकता थी कि उन्होंने फ्री के
टिकटों को हजारों रुपये देकर खरीदा।
सुबह से ही स्टेडियम के बाहर
टिकट बेचने वाले भी खडे़ हुए थे। दर्शकों ने शुरुआत में एक हजार से दो हजार
रुपये के बीच में टिकट खरीदे। बाद में सौ-सौ रुपये में भी टिकट बिके।
हालांकि बीसीसीआई ने घोषणा की थी कि टिकट फ्री में बांटे जाएंगे, लेकिन ये
कहां बांटे गए इस पर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है। हालांकि सचिन के पांच रन
पर आउट होने की वजह से दर्शकों में मायूसी नजर आई।
लाहली के ग्रामीणों में रोष
गांव
लाहली के ग्रामीणों को टिकट नहीं मिलने के कारण उनमें रोष व्याप्त था।
राजेंद्र, सतबीर, महेंद्र और सुभाष आदि ने बताया कि स्टेडियम के लिए गांव
के ही एक व्यक्ति ने जमीन दी है और बीसीसीआई ने आश्वासन दिया था कि लाहली
के ग्रामीणों को प्राथमिकता के आधार पर टिकट दिए जाएंगे, परंतु ऐसा कुछ
नहीं हुआ। टिकट तो बाहरी लोगों को दिए गए हैं।
सचिन का आखिरी रणजी मैच देखना हमारे लिए सौभाग्य : सीएम
रोहतक।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को लाहली के चौ. बंसीलाल क्रिकेट
स्टेडियम में मुंबई और हरियाणा के बीच आयोजित रणजी क्रिकेट मैच को देखने
पहुंचे। मैच के दौरान मुख्यमंत्री ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को
हरियाणा की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। स्टेडियम में पत्रकारों
से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट जगत का
महानतम खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों में काफी खुशी है
कि उन्हें सचिन तेंदुलकर को अपने जीवन का आखिरी रणजी मैच लाहली में खेलते
हुए देखने का मौका मिला।
इस अवसर पर विधायक आनंद सिंह दांगी, शकुंतला खटक,
राजेंद्र जून, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त राजनीतिक सलाहकार सूर्यदेव दहिया,
सहायक राजीनीतिक सलाहकार जेके मल्होत्रा, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के
अध्यक्ष जयदीप धनखड़, जिला परिषद के चेयरमैन राजेश फौगाट, पूर्व विधायक
रणबीर महेंद्रा, कुलदीप नंबरदार, सोनू बधवार, अजय सिंघानिया, आईजी अनिल
राव, डीसी डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, एसपी राजेश दुग्गल, एसपी विकास धनखड़ और
बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी आदि मौजूद थे।