जिले में 24 घंटे के भीतर कोविड -19 के तीन पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। ककराना में एक व्यक्ति के पाजिटिव मिलने के बाद उसकी पत्नी भी पाजिटिव मिली। वहीं, दोपहर बाद जिला अस्पताल में भर्ती सांपला के एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली । इन सभी को पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में भर्ती किया गया है। ककराना के पति-पत्नी और सांपला के एक व्यक्ति को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है, जो डॉक्टरों की निगरानी में हैं। वहीं इनके संपर्क में आए 61 लोगों को सेक्टर छह स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साईं) में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में और साठ अन्य संदिग्ध लोगों को ब्राह्मणवास स्थित गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेदिक कॉलेज में बनाए क्वारंटीन सेंटर में आइसोलेट किया गया है। सभी का सैंपल लिया जा रहा है। देर सायं तक ककराना के पीड़ित व्यक्ति के करीब रहने वालों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला ने बताया कि वीरवार को 81 सैंपल लिए गए हैं और ये डॉक्टरों की निगरानी में हैं। जिले में वीरवार सायं तक तीन पॉजिटिव मरीजों की रिपोर्ट आई है। अधिकारी ने बताया कि ककराना के दो व्यक्ति को छोड़ कर बाकी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसलिए गांव के लोगों को होम क्वारंटीन किया है। इसके अलावा सांपला के पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने वाले 12 लोगों को जांच के लिए रोहतक लाया गया है। इनके सैंपल लिए हैं। शुक्रवार को इनकी रिपोर्ट आएगी। जिले में 87 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
इससे पहले पीजीआईएमएस में एक महिला पानीपत, एक महिला सिरसा व जींद के दो पॉजिटिव व्यक्ति स्वास्थ्य सही होने पर घर लौट चुके हैं। पीजीआईएमएस में ककराना से आए कैंसर पीड़ित मरीज के साथ उसकी पत्नी को भी वीरवार कोविड -19 की पुष्टि हो गई है। इसके अलावा इनके संपर्क में रहे एक बच्चे की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है और अन्य का सैंपल दोबारा जांच के लिए भेजा गया है। इन सभी को अलग - अलग आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहीं, दोपहर बाद जिला अस्पताल में भर्ती सांपला के एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर उसे भी पीजीआईएमएस में रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि सांपला का मरीज प्लाइबोर्ड की कंपनी में काम करता है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पीड़ित व्यक्तियों के संपर्क रहे परिवार, साथियों की जांच करवाने के लिए कार्य कर रही है। वहीं ककराना व आसपास के गांवों को जिला प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन व बफर जोन में शामिल किया है।
हमारे पास कोविड-19 के तीन पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा पीड़ितों के करीबियों की जांच रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकेगा।
- डॉ. गजेंद्र, जनसंपर्क अधिकारी, पीजीआईएमएस रोहतक
पॉजिटिव मरीज पीजीआईएमएस और आइसोलेशन वाले जिला अस्पताल में होंगे भर्ती
रोहतक। नॉवेल कोरोना वायरस वुहान स्टेन कोविड-19 के पॉजिटिव मरीज अब पीजीआईएमएस में और आइसोलेशन वाले मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। इसके अलावा संदिग्ध लोगों को क्वारंटीन सेंटर में रखने के अलावा होम क्वारंटीन किया जाएगा। यह निर्णय जिले में एकाएक तीन कोविड-19 के मरीजों की पुष्टि होने पर लिया गया है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला ने बताया कि पीजीआईएमएस और हमारा प्रयास है कि संक्रमण को एक स्थान तक सीमित किया जाए, ताकि इसे फैलने से रोक सकें। इसलिए पीजीआईएमएस को कोविड अस्पताल बनाया गया है। यहां पर पॉजिटिव मरीज ही रखे जाएंगे और संदेह वाले मरीज जिला अस्पताल में आइसोलेट किए जाएंगे। माना जा रहा है कि पीड़ित की दिल्ली और गुरुग्राम की हिस्ट्री हो सकती है। गौरतलब है कि बुधवार को रात पांच मुस्लिम व एक सांपला वाले संदिग्ध को पीजीआईएमएस में सैंपल लेकर जिला अस्पताल भेजा गया था। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि हमने रात को एहतियात के तौर पर ककराना वाले संदिग्धों को अलग, पांच मुस्लिम समुदाय वालों को अलग और सांपला वाले को अलग कमरे में रखा था। इसके चलते सांपला वाले की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कोई दुविधा नहीं हुई। जिस कमरे में सांपला के पॉजिटिव मरीज को रखा गया था, उसे सैनिटाइज करवा कर संक्रमण मुक्त कर दिया गया है।
ककराना में कोरोना का मरीज मिलने के बाद गांव में पहुंचे स्वास्थ्य विभाग की टीम।- फोटो : RohtakCity