संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। झज्जर रोड स्थित दुकान पर तार खरीदने के बहाने घुसे तीन बदमाशों ने कारोबारी, उनकी पत्नी व नौकर को दिनदहाड़े एक घंटे तक बंधक बनाया और 15 लाख रुपये और हीरे जड़ित सोने के कंगन समेत अन्य गहने लूट ले गए। वीरवार शाम को वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दंपती और नौकर को कमरे में बंद कर नीचे बनी दुकान के रास्ते से भाग गए।
बंधनमुक्त हुए परिवार ने घटना की आसपास के लोगों व पुलिस को सूचना दी। आर्य नगर थाना पुलिस व सीआईए-एक ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले व शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मूलरूप से झज्जर रोड निवासी कारोबारी अशोक जैन ने मकान के नीचे ही क्वालिटी वायर्स के नाम से तार व जाली की दुकान और गोदाम बनाया हुआ है। मकान में अशोक व उनकी पत्नी सुमिता ही रहती हैं। दुकान व गोदाम को संभालने के लिए धर्मवीर नामक व्यक्ति को रखा हुआ है।
वीरवार दोपहर बाद करीब 3 बजे अशोक, उनकी पत्नी सुमिता व नौकर धर्मवीर दुकान पर बैठे थे। इसी समय तीन युवक दुकान पर जाली खरीदने आए। दुकानदार अशोक ने धर्मवीर के साथ तीनों युवकों को गोदाम में जाली दिखाने के लिए भेज दिया। एक युवक ने नौकर से कारोबारी को बुलाकर लाने को कहा तो वह उन्हें बुला लाया। इसी दौरान एक युवक बाहर गया और उनकी पत्नी को भी गोदाम में बुला लाया।
कुल 60 लाख रुपये की हुई लूट
बदमाशों ने कारोबारी उनकी पत्नी व नौकर पर पिस्तौल व चाकू तानकर ऊपर बने मकान में ले गए। यहां आलमारी में रखे 15 लाख रुपये व हीरे जड़ित सोने के कंगन, हीरे का हार, हीरे की चूड़ियां व सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। इसके बाद तीनों बदमाश तीनों को कमरे में बंद करके चले गए। पीड़ित परिवार ने इन गहनों की करीब 15 लाख रुपये कीमत आंकी है।
खिड़की तोड़कर निकले नौकर ने मचाया बचाव में शोर
बदमाशों के जाने के करीब एक घंटे बाद किसी तरह कमरे की खिड़की तोड़कर नौकर धर्मवीर बाहर आया। इसके बाद पास के दुकानदार को आवाज देकर ऊपर बुलाया और दंपती को बंधनमुक्त कराया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को वारदात की सूचना दी।
महिला की गले पर लगाया था चाकू
वारदात की दहशत से बिलखती सुमिता ने बताया कि बदमाशों ने उनके गले पर चाकू लगा दिया था। इससे वह बुरी तर डर गई। देर शाम तक भी महिला सहमी रही।
-
डेढ़ साल पहले सिनेमाघर संचालक दंपती को बंधक बनाकर की थी लूट
शहर में बदमाश सरेआम लूट व हत्या की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उनमें पुलिस का जरा सा भी खौफ नहीं है। पुलिस अपराध पर रोक लगाना तो दूर, वह पुराने मामलों का भी खुलासा नहीं कर पा रही है। सेक्टर-14 में करीब डेढ़ साल पहले सिनेमाघर संचालक दंपती को बंधक बनाकर लाखों की नकदी व जेवर लूटे गए थे। पुलिस के लिए यह मामला अब तक अनसुलझी पहेली बना हुआ है। लूटे गए माल का पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
कारोबारी को बंधक बनाकर तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। कारोबारी की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- बिजेंद्र, थाना प्रभारी आर्य नगर।
रोहतक में झज्जर रोड पर पुल के नीचे हुई लूट के बाद बिखरे सामान को देखता पुलिसकर्मी। संवाद
रोहतक में झज्जर रोड पर पुल के नीचे हुई लूट के बाद बिखरे सामान को देखता पुलिसकर्मी। संवाद