महम । थाना क्षेत्र के गांव निंदाना से संदिग्ध परिस्थितियों में तीन नाबालिग छात्र अचानक लापता हो गए। दो छात्र सगे भाई हैं तथा उनके पिता की मृत्यु हो चुकी है। तीसरा छात्र भी उनके ही गांव का है। परिजनों ने छात्रों की तलाश करने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। निंदाना निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसके दो 14 वर्षीय और 16 वर्षीय पोते तथा उनके साथ एक अन्य छात्र आठ जुलाई से लापता है। तीनों लाखनमाजरा के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। आठ जुलाई को शाम तीन बजे वे स्कूल से घर आ गए थे। एक पोते ने स्कूल बैग साथ लिया तो दूसरे ने कपड़े बदले। शाम साढ़े पांच बजे के वह करीब घर से निकल गए। बताया गया कि उनको शक है कि कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर कहीं ले गया है। अपने स्तर पर छात्रों की तलाश की लेकिन कहीं सुराग नहीं लग सका। उनके बेटे की पहले ही मौत हो चुकी है। ऐसे में पोतों के घर से चले जाने के बाद घर में सभी सदस्यों को चिंता सताने लगी है तथा सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।
इंस्टाग्राम पर मैसेज भेज रुपये मांगे, लेने नहीं पहुंचे
बताया गया है कि तीनों विद्यार्थी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते थे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर रुपयों की मदद मांगी, लेकिन निर्धारित स्थान पर लेने नहीं पहुंचे।
बच्चे कहीं घूमने निकले हैं। इनकी तलाश जारी है। इनकी आखिरी लोकेशन दोपहर साढ़े बारह बजे जुलाना में मिली थी। ये अपने दोस्तों से भी लगातार बातचीत कर रहे हैं। जल्दी ही इन्हें बरामद कर लिया जाएगा।
निरीक्षक राकेश कुमार, प्रभारी, महम थाना।