पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है बारिश से प्रदेश के हालात चिंताजनक बन गए हैं। जलभराव की भयानक तस्वीरें सामने आ रही हैं। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश ने बीजेपी-जेजेपी की व्यवस्थाओं को आईना दिखाने का काम किया है। सड़कें, गलियां, पार्क, सरकारी दफ्तर सब जलमग्न हैं। जलभराव से मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बारिश जारी रहती है तो हालात और खराब होंगे। वह डीपार्क स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जलभराव के चलते साइबर सिटी गुरुग्राम तालाब में तब्दील हो गया है। यहां बारिश के पानी निकासी की व्यवस्था न करके सरकार केवल मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने में व्यस्त रही। सरकार को प्रदेश में जलभराव की रोकथाम के लिए समय रहते कदम उठाने चाहिए थे। सीवर की सफाई से लेकर जल निकासी के अतिरिक्त बंदोबस्त करना सरकारी की जिम्मेदारी बनती है। सरकार हमेशा की तरह हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। कुछ जिलों को छोड़कर बाकी शेष जगह जलभराव के कारण स्थिति बदतर बनी हुई है। आने वाले दिनों में सरकार को युद्धस्तर पर काम करना होगा। लोगों के जानमाल की सुरक्षा के लिए यह जरूरी भी है। बारिश से लोगों को हुए नुकसान के लिए सरकार मुआवजे का ऐलान करे।
‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम की सफलता के लिए आभार जताया
‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम की सफलता के लिए भिवानी की जनता का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के लोगों में कांग्रेस के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जनता ने भीड़ के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। कांग्रेस के प्रति जनता का रुझान और पार्टी कार्यक्रमों की सफलता दर्शाती है कि जनता हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना चुकी है।