माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। भाली के बलराज उर्फ पप्पू हत्याकांड में पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया। यहां उसे उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया है। सीआईए प्रथम व द्वितीय की संयुक्त टीम ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए मृतक के भतीजे समीर व उसके दोस्त बाहलंबा निवासी राहुल को गिरफ्तार किया है।
सीआईए टू के प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि आठ फरवरी की शाम सूचना मिली थी कि बलराज उर्फ पप्पू (56) की किसी ने शराब ठेके के पास गोली मारकर हत्या कर दी है। शव गांव में रोहतक-भिवानी रेलवे लाइन के पास फाटक के नजदीक पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक के भतीजे अजीत की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। परिजनों ने किसी से रंजिश या विवाद से इंकार किया था। ऐसे में आठ दिन से वारदात पहेली बनी हुई थी। इस मामले की जांच करते हुए पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के साथ गांव के सीसीटीवी खंगाले। इसी बीच पुलिस को भनक लगी कि बलराज का सीढ़ियों को लेकर भतीजे समीर से झगड़ा हुआ था। यही नहीं, समीर अपने चाचा के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ। इससे पुलिस का शक बढ़ गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने दो आरोपियाें को गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इनसे वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के अलावा हथियारों की बरामदगी की जानी है।