03-प्राचीन श्री शीतला माता मंदिर में पूजा करने जाते श्रद्धालु । संवाद
रोहतक। प्राचीन श्री शीतला माता मंदिर में तीन दिवसीय मेला सोमवार से शुरू होगा। इसके लिए मंदिर कमेटी की ओर से तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चैत्र माह में पहले सोमवार यानी रविवार आधी रात के बाद से ही यहां श्रद्धालु आने लगते हैं और मेला शुरू हो जाता है।
मंदिर के महंत थानेश्वर दास उदासीन ने बताया कि चैत्र माह में प्रत्येक बुधवार को भी यहां मेला लगता है। लगभग 400 साल पुराने इस मंदिर की मान्यता दूर-दूर तक है। इसी कारण बुधवार को मेले में शहर के अलावा गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। मेले की तैयारी पूरी कर ली गई है।
-
पुलिस को रहेगा सहयोग
महंत थानेश्वर दास ने बताया कि मेले पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व व्यवस्था को देखते हुई पुलिस प्रशासन से सहयोग भी मांगा गया है। मंदिर में चैत्र मेले के लिए सेवादारों को पहचान पत्र वितरित भी किए गए हैं। महंत थानेश्वर दास के सानिध्य में सेवादार पहचान पत्र वितरण कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्य सेवादार आत्माराम, पुजारिन कृष्णा देवी, कार्तिक व राहुल रहे।
इन दिनों में लगेंगे यहां मेले
चैत्र मास के वार्षिक मेले (बासोडा) का आरंभ 9 मार्च से हो रहा है। 10 मार्च शीतला सप्तमी का मेला लगेगा, चैत्रमास का पहले बुधवार का मेला 11 मार्च को लगेगा। चैत्र माह का दूसरा मेला 18 मार्च को आयोजित किया जाएगा। 19 मार्च से नवरात्रों का शुभारंभ होगा। 25 मार्च को सप्तमी मेला लगेगा जबकि रात्रि 9 बजे हवन पूजन किया जाएगा। 26 मार्च को अष्टमी पर कन्या पूजन होगा। रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। चैत्र माह के अंतिम बुधवार मेला 1 अप्रैल को होगा।