रोहतक। कच्चा बेरी रोड पर उफान मार रहे सीवरों को लेकर सोमवार दोपहर बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया। निगम टीम ने गोबर बहाने पर तीन डेयरी संचालकों के 14,000 रुपये के चालान किए।
कच्चा बेरी रोड पर पिछले कुछ दिनों से डेयरियों का गंदा पानी नालों व सीवर से बाहर आ रहा है। इससे राहगीरों का निकलना मुश्किल हो रहा था। स्थानीय लोग तंग आकर सोमवार को नगर निगम आयुक्त और स्थानीय विधायक भारत भूषण बतरा से मिले और उन्हें समस्या बताई।
इसके बाद निगम प्रशासन ने टीम मौके पर भेजी। स्थानीय निवासी डॉ. धर्मपाल मुदगिल ने बताया कि टीम ने शाम को मौके पर पहुंचकर सीवर की सफाई शुरू की।
नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दुहन का कहना है कि डेयरी से नालों व सीवर लाइन में गोबर बहाने की शिकायत मिली। नगर निगम एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की संयुक्त टीम ने कच्चा बेरी रोड पर सीवर व नालों की सफाई कराई। इस दौरान डेयरियों में स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देशों का अनुपालन नहीं किए जाने के चलते तीन के चालान किए गए।