कोरोना संक्रमणकाल में वीरवार को जिले में 94 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 10366 हो गई है। अभी तक पीजीआईएमएस में उपचार के दौरान 119 दम तोड़ चुके हैं और 9350 कोरोना से जंग जीत चुके हैं। वीरवार को इलाज के दौरान तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया है। महावीर कॉलोनी में 65 की साल की महिला, श्रीनगर कॉलोनी में 76 साल की महिला व गांधी कैंप में 88 साल के व्यक्ति ने कोरोना उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में 897 कोरोना के एक्टिव मरीज हैं। इसमें से 57 पीजीआईएमएस में उपचाराधीन हैं और 840 होम आइसोलेशन पर हैं। एक दिन में 1644 सैंपल जांच के लिए भरे गए हैं। अभी तक 190595 सैंपलों की कोरोना जांच हो चुकी है। इसमें से संक्रमण प्रतिशत 5.43 और रिकवरी दर 90.20 पहुंच गई है।
कुलपति भी मिले कोरोना संक्रमित
जिले में कोरोना के नए मरीजों में एक विवि के कुलपति भी संक्रमण का शिकार हुए हैं। इसके अलावा पीजीआईएमएस के तीन व कलानौर जीएच के एक डॉक्टर, आर्य नगर का ड्राइक्लीनर, क्रिकेट अकेडमी, सीए, बिजनेसमैन, गृहिणी, बैंक मैनेजर, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, विद्यार्थी-शिक्षक, इन्कम टैक्स दिल्ली का स्टाफ, पूर्व सैनिक, चालक, कैदी संक्रमित मिले हैं।