रोहतक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में लगी आग । संवाद न्यूज एजेंसी
रेलवे स्टेशन के डाउन यार्ड में खड़ी ईएमयू (इलेक्ट्रो मोटिव यूनिट) ट्रेन में वीरवार दोपहर 1:57 बजे आग लग गई। जब तक दमकल पहुंची तब तक हवा चलने से तीन कोच से आग की लपटें उठने लगी। इस दौरान 26 दमकल कर्मियों ने ढाई घंटे में 50 हजार लीटर से ज्यादा पानी और 120 लीटर फॉग की बौछार कर आग पर काबू पाया। तीन कोच पूरी तरह जल गए, जबकि एक आंशिक जला। आग लगने की वजह तलाशने के लिए फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ता पहुंचा। स्पेशल ट्रेन से आए एजीएम रेलवे नवीन गुलाठी व प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी आफिसर सीमा कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ जांच की। करीब ढाई घंटे निरीक्षण के बाद एजीएम ने कहा आग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस दौरान उन्होंने चार सदस्यीय टीम गठित की है जो 15 दिन में रिपोर्ट सौंपेगी।
पूर्वाह्न 11:45 बजे दिल्ली से आने वाली ईएमयू संख्या 04453 शाम 4:05 बजे रोहतक से दिल्ली ईएमयू संख्या 04462 बनकर चलती है। रेलवे के अनुसार पूर्वाह्न आई ईएमयू को डाउन यार्ड में खड़ा कर दिया गया। दोपहर 1:57 बजे माल गोदाम के पास कुछ लोगों ने कोच से धुआं उठता देखा। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक धुआं के साथ लपटें उठने लगी। उन्होंने तुरंत स्टेशन पर कोच से धुआं निकलने की सूचना दी। पावर केबिन (ट्रेनों का संचालन करने वाला केबिन) से तुरंत ओएचई की बिजली आपूर्ति बंद करवा दी गई। उसके बाद दमकल के साथ-साथ अधिकारियों को अवगत कराया। स्टेशन पर तैनात कर्मी तुरंत फायर एक्सिंग्युशर (अग्निशामक) लेकर दौड़ पड़े। जब तक लोग आग बुझाते तब तक हवा चलने से तीन कोच से लपटें उठने लगी। दोपहर 2:25 बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाई। एएसओ दीपक शर्मा ने बताया करीब ढाई घंटे में 26 कर्मियों ने 50 हजार लीटर से ज्यादा पानी और 120 लीटर फॉग इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया। वहीं मौके पर पहुंची अधिकारियों की टीम ने जले हुए कोचों के अंदर जाकर जांच की। रेलवे के कर्मियों के साथ-साथ जीआरपी व आरपीएफ कर्मियों से भी जानकारी जुटाई गई। करीब ढाई घंटे निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने स्टेशन पर मंथन किया। एजीएम नवीन गुलाठी ने बताया कि तीन कोच आग से पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गए हैं। एक कोच में आंशिक आग लगी। आग लगने की वजह और लापरवाही का पता लगाने के लिए टेक्निकल कर्मियों की चार सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। टीम 15 दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।