गद्दी खेड़ी गांव में राजमिस्त्री परजीत हत्याकांड को अंजाम देने वाली उनकी पत्नी गुरमति और दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया। यहां से उनको अदालत ने जेल भेज दिया है। वहीं, दो हत्यारोपियों का रिमांड बुधवार को पूरा हो जाएगा और उनको भी अदालत में पेश किया जाएगा।
थाना बहु अकबरपुर प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि 28 दिसंबर को गद्दी खेड़ी गांव निवासी राजमिस्त्री की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, लेकिन उसकी पत्नी गुरमति ने गांव के ही मोहित, रमन, टिंकू और बालकिशन के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। इसमें गुरमति, रमन और मोहित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और तीन दिन का रिमांड मिला था और मंगलवार को उनको अदालत के समक्ष पेश किया। यहां से उनको अदालत ने जेल भेज दिया है। वहीं, दो आरोपी टिंकू और बालकिशन को बुधवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
39 हजार की ठगी में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार
रोहतक। पुलिस ने 39 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रभारी थाना कलानौर निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि कटेसरा निवासी प्रवीण के खाते से 39 हजार रुपये की ठगी की गई थी और 1 दिसंबर काे शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में झज्जर के चमनपुरा निवासी केव और तुषार उर्फ चिंटू को गिरफ्तार किया गया है। ब्यूरो