संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। शहर के आकाशवाणी चौक स्थित मान अस्पताल में शुक्रवार शाम मरीज के परिजनों ने जमकर हंगामा कर दिया। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी परिजनों का आरोप है कि ढाई लाख रुपये जमा न कराने पर डाॅक्टरों ने 57 वर्षीय मरीज उमा देवी का वेंटिलेटर हटाने की धमकी दी जबकि उनके मरीज की हालत गंभीर है।
वहीं, डाक्टरों का कहना है कि उन्होंने केवल पैसे जमा कराने के लिए कहा था। आर्य नगर थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। किसी तरह का मामला दर्ज नहीं किया गया है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी मनिक ने बताया कि उनकी मां उमा देवी को 17 जुलाई को पेट में दर्द होने पर मान अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने कहा था कि चार दिन में आराम मिलने के बाद छुट्टी दे दी जाएगी। इसके बावजूद चार दिन के बाद ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक होने की बात कहकर उनकी मां को वेंटिलेटर लगा दिया। इसके बावजूद आराम नहीं हुआ।
शुक्रवार रात 8 बजे उनको कहा गया कि आपके स्वास्थ्य बीमा कार्ड की लिमिट खत्म हो चुकी है। ऐसे में ढाई लाख रुपये जमा करवाएं। आरोप है कि डाॅक्टरों ने कहा कि अगर पैसे जमा नहीं करवाए तो मरीज का वेंटिलेटर हटा देंगे जबकि चिकित्सक इन आरोपों को बेबुनियाद बता रहे हैं।
...........
स्वास्थ्य बीमा कार्ड के तहत मरीज का उपचार किया जा रहा था। मरीज को वेंटिलेटर लगा था। कार्ड की लिमिट खत्म होने पर परिजनों से पैसे जमा कराने के लिए कहा। परिजन पैसे जमा करवाने की जगह बेबुनियाद आरोप लगाकर हंगामा करने लगे।
- डॉ. अमित मान, मान अस्पताल
मान अस्पताल में उपचार के लिए पैसे जमा कराने को लेकर मरीज के परिजनों व डाॅक्टरों के बीच विवाद हो गया। मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर शांत करवाया। अभी किसी पक्ष की तरफ से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
- इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, प्रभारी थाना आर्य नगर