रोहतक। खाप और तपे के प्रधान समेत किसान नेताओं ने वीरवार को बैठक कर निर्णय लिया है कि खूंटा इब आड़ै ए गडैगा, टिटौली तै अलग धरणा नहीं चालैगा। अगर धरनास्थल पर जगह कम पड़ती है तो धरने का दायरा बढ़ाया जाएगा। इसके लिए आसपास पड़ी जगह साफ कर टेंट लगाया जाएगा।
टिटौली गांव के धरने को पांच खापों का समर्थन मिल गया है। इसमें अहलावत खाप, 84 खाप, अहलावत खाप (डीघल) व दो तपा प्रधान शामिल रही। वीरवार को धरनास्थल पर पहुंचे इन पांच खापों के प्रतिनिधियों ने किसानों को समर्थन दिया, साथ ही जिले का एकमात्र धरना टिटौली में ही चलाने का फैसला सुनाया। इसके अलावा कहीं धरना शुरू नहीं किया जाएगा।
धरने पर खाप प्रतिनिधियों ने जल्द ही राजस्थान की सर्वखाप बुलाने की भी घोषणा की। यहां आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा भी समर्थन देने पहुंचे। इधर, पुलिस ने धारा 144 के चलते 37 किसानों को नोटिस जारी करते हुए धरना हटाने की चेतावनी दी है। किसानों ने नोटिस लेने से इन्कार करते हुए धरना जारी रखने की बात कही है।
आप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी पहुंचे समर्थन देने
आप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि 21 वर्षीय युवा किसान की एक ऐसे आंदोलन में मौत हुई है, जहां नहीं होनी चाहिए थी, क्योंकि सुनहरा भविष्य उसका इंतजार कर रहा था। यह बेहद चिंताजनक है कि उस युवा को पीछे से गोली मारी गई। हम सबको यह अहसास होना चाहिए कि हम किस तरफ जा रहे हैं। किसान और जवान दोनों भाई-भाई हैं। सरकारों ने एक भाई के हाथ में दूसरे भाई पर चलाने के लिए बंदूक दे दी। वर्दी में खड़े जवानों को नौकरी करने के लिए मजबूरी में ऐसे काम करने पड़ रहे हैं।
यूपी व हरियाणा, राजस्थान की सर्वखाप बुलाई जाएगी
84 खाप के प्रधान हरदीप अहलावत ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन देते हुए कहा कि जो कॉल आएगी, उसे पूरा निभाने का प्रयास किया जाएगा। टिटौली में यूपी व हरियाणा, राजस्थान की सर्वखाप बुलाई जाएगी। इसके लिए अभी दिन तय नहीं किया है। वार्तालाप कर जल्द दिन भी तय कर लिया जाएगा। यह एमएसपी का मामला किसी एक किसान का नहीं, पूरे देश के किसानों का मामला है।
सुंदरपुर के किसान ट्रैक्टर मार्च के साथ पहुंचेंगे आज
सुंदरपुर गांव के किसान शुक्रवार को टिटौली में धरनास्थल पर ट्रैक्टर मार्च निकालते हुए पहुंचेंगे। प्रधान रणधीर सिंह का कहना है कि धरनास्थल पर किसानों की तादात बढ़ती जा रही है। रोजाना अलग-अलग गांव से भी किसान अन्य लोगों के साथ पहुंच रहे हैं। जिलाध्यक्ष मोनिका के नेतृत्व में भी महिलाओं की संख्या रोज बढ़ रही है।
रोहतक-जींद सीमा पर जवानों ने बढ़ाई सख्ती
पुलिस ने सुरक्षा की दृ़ष्टि से रोहतक-जींद सीमा पर जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। यहां सड़क दोनों तरफ से सील कर दी गई है। इसके चलते आवागमन बंद हो गया है। पुलिस की मौजूदगी के चलते वहां बने दो होटलों का काम प्रभावित हो गया है। ग्राहकों के नहीं आने से होटल संचालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। शंभू सीमा पर तनावपूर्ण माहौल के कारण जींद सीमा पर भी सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया गया है।