रोहतक। अस्थल बोहर में मंगलवार तड़के एयरफोर्स से सेवानिवृत्त व्यक्ति के मकान की ग्रिल काटकर चोर घर से करीब 25 लाख रुपये के जेवर और नकदी चुरा ले गए। परिवार के सदस्य अंदर के कमरे से बाहर के कमरे में आकर सो गए थे।
जाते हुए चोर सभी कमरों की कुंडी बंद करके भाग गए। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो घटना का पता चला। बेटे की शादी हुई थी और पुत्रवधू के ही जेवर चोरी गए हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित वेदप्रकाश ने बताया कि उनके बेटे यतीश की शादी 3 मार्च को हुई थी। इस समय पुत्रवधू मायके में थी और वह अपने गहने यहीं छोड़कर गई थी। पुत्रवधू नोएडा की एक कंपनी में बड़े पद पर हैं, जबकि बेटा कनाडा में मल्टीनेशनल कंपनी में काम करता है। सोमवार को बेटा यतीश पीछे के कमरे में सोया था और उसी में जेवरात रखे थे। रात में वह किसी काम से उठा तो बाहर वाले कमरे में सो गया। चोर मंगलवार तड़के कमरे की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और जेवर-नकदी चुराकर ले गए। जाते हुए चोर बाहर से कमरों की कुंडी लगाकर गए। पुलिस को सूचना दी तो फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाॅड टीम ने जांच की। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे की जांच करके चोरों की तलाश की जा रही। ब्यूरो