दीपोत्सव पर निर्बाध बिजली सप्लाई करने के लिए बिजली निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने फैसला लिया है कि सात नवंबर से पांच दिवसीय दीपोत्सव तक बिजली कटौती नहीं होगी। समस्याओं का निस्तारण करने के लिए सात स्पेशल टीमें गठित होंगी। बिजली निगम ने त्योहार पर निर्बाध बिजली सप्लाई करने की तैयारी शुरू कर दी है ताकि उत्साह व उमंग के त्योहार पर बिजली कट खलल पैदा नहीं करे। मंगलवार को एक्सईएन सिटी ने एसडीओ-एक से साथ बैठक की और अतिरिक्त टीमें लगाकर सब स्टेशन, फीडरों और लाइनों का मेंटेनेंस कराने के आदेश दिए। एसडीओ से कहा गया कि वह हर हाल में छह नवंबर तक विशेष मेंटेनेंस कार्य पूरा कर लें, इसके बाद कोई अनुमति नहीं होगी। हर हाल में दीपोत्सव तक निर्बाध बिजली सप्लाई होगी। यही नहीं, सात स्पेशल टीमों का गठन किया जाएगा, जो अचानक बिजली की समस्या आने पर मौके पर रवाना होंगी। एक्सईएन सिटी मेहताब सिंह ने बताया कि एसडीओ-एक को दीपोत्सव को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बुधवार को एसडीओ-दो के साथ बैठक कर निर्बाध बिजली सप्लाई की योजना बनाई जाएगी।