जसबीर स्मारक में आयोजित हरियाणा राज्य कमेटी की मीटिंग में मौजूद किसान सभा के सदस्य । विज्ञप्त
रोहतक। किसान सभा हरियाणा राज्य कमेटी की रविवार को शीला बाईपास स्थित जसबीर स्मारक पर बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता राज्य प्रधान बलबीर सिंह ने की। बैठक में निर्णय लिया गया की फसल खराबे के मुआवजे और बीमा क्लेम के लिए प्रदेश भर में आंदोलन किए जाएंगे। 30 जून को गावों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) अधिकार दिवस मनाया जाएगा।
किसान सभा के राज्य महासचिव सुमित दलाल ने बताया कि किसान आंदोलन के लंबित मुद्दों पर मोर्चा के आगामी आंदोलन की योजना को कामयाब करने और किसानों की फसल खराबे के मुआवजे, बीमा क्लेम समेत अन्य मुद्दों पर सभी जिलों में आंदोलन को तेज करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए गांव गांव जाकर अभियान चलाया जाएगा। सभा के राष्ट्रीय वित सचिव पी कृष्णा प्रसाद ने कहा की केंद्र सरकार लगातार किसानों के साथ विश्वासघात कर रही है। किसान आंदोलन के लंबित मुद्दों को हल नहीं किया जा रहा है। हाल में केंद्र सरकार द्वारा घोषित खरीफ फसलों की एमएसपी किसानों के घाटे को पूरा नहीं कर रही और देश का किसान आंदोलन स्वामीनाथन की सिफारिश अनुसार सी टू फार्मूला के हिसाब से एमएसपी की मांग कर रहा है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा की प्रदेश सरकार किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही है। प्रदेश भर में रबी की फसलें बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई थी। इसका मुआवजा देने की बजाय सरकार की मानसिकता मुआवजा देने से मुकरने की बनी हुई है। इसी तरह बीमा कंपनियों द्वारा भी कई जिलों का पिछले साल और इस वर्ष का हजारों करोड़ का मुआवजा रोका हुआ है। सूरजमुखी के किसानों की फसलों को एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा इसके लिए सोमवार को पीपली में फसलों की एमएसपी और गिरफ्तार किसानों की रिहाई के लिए महापंचायत की जाएगी।