रोहतक। जिले में मंगलवार को मौसम बदला और कहीं पर बारिश तो कहीं पर बूंदाबांदी हुई। इससे गर्मी से कुछ राहत मिली है। कई जगह जलभराव की स्थिति बनी। सोमवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को रोहतक प्रदेश का तीसरा सर्वाधिक गर्म शहर था।
एमडीयू की तरफ मंगलवार को करीब एक घंटे तक बारिश हुई। इसके विपरीत अशोका चौक से कोर्ट की तरफ केवल बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हुई। महम और कलानौर में शाम पांच बजे तक दो-दो एमएम बारिश हुई। रोहतक, लाखनमाजरा, सांपला में बारिश दर्ज नहीं हुई।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान की अपेक्षा 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान की अपेक्षा तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।
जिले में दो अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 50 किलाेमीटर प्रति घंटा की गति से हवाओं के चलने की संभावना भी है। इस दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक 45 रहा। यह अच्छी श्रेणी में आता है।