रोहतक। विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और जींद के विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा का कहना है कि यूट्यूबर्स के लिए नियम होने चाहिए। वे पहले भी इस मामले को उठा चुके हैं। क्योंकि एक मोबाइल हाथ में लेकर कोई भी किसी से सवाल पूछने लग जाता है। वह बाबा बंदा सिंह बहादुर चैरिटेबल कॉम्प्लेक्स में डायलिसिस सेंटर के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में हिसार की यूट्यूबर की गिरफ्तारी का मामला गंभीर है। क्योंकि, देश की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं किया जा सकती। मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।
जींद में अफसर के साथ कथित व्यवहार के सवाल पर मिड्ढा ने कहा कि एक दलित अफसर ने बिना नोटिस के दलित परिवारों की दुकानें तुड़वा दीं। यह कार्रवाई गलत है। कुर्सी, मेज व अन्य सामान की हालत यह कर दी कि कील लगाकर भी उनको ठीक नहीं किया जा सकता। वातानूकुलित कार में बैठकर उनके पास से गुजरने वाले नेता व अफसर सोचें, भीषण गर्मी में सड़क किनारे बैठकर चंद रुपये कमाने वाले की रोजी-रोटी छीनने पर उस पर क्या गुजरी होगी।