फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा पार्षदों में नहीं बनी आम सहमति, अब गेंद पार्टी के पाले में

विज्ञापन
विज्ञापन
नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर को लेकर भाजपा पार्षदों ने आम सहमति नहीं बन सकी। चुनाव पर्यवेक्षक एवं ग्रामीण पानीपत के विधायक महीपाल ढांडा ने दो घंटे एक-एक पार्षद से बंद कमरे में तीन सवालों के माध्यम से राय पूछी। सूत्रों की मानें तो जाट समुदाय के एक पार्षद को कुर्सी मिलना तय है, लेकिन पंजाबी व एससी-बीसी पार्षदों में से किसको कुर्सी दी जाए, इसको लेकर पार्टी में एकमत नहीं हो सका है। अब चुनाव पर्यवेक्षक की रिपोर्ट पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ सीएम मनोहर लाल से बात करके दोनों प्रत्याशी तय करेंगे। मीटिंग में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर नहीं पहुंचे। सोमवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे पार्टी प्रदेश कार्यालय में भाजपा पार्षदों की मीटिंग शुरू हुई। जिला अध्यक्ष अजय बंसल ने एक-एक पार्षद का चुनाव पर्यवेक्षक महीपाल ढांडा से परिचय करवाया। मेयर मनमोहन गोयल व जिला महामंत्री धर्मबीर शर्मा की मौजूदगी में ढांडा ने पार्षदों से कहा कि, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर चुनने के दो तरीके हैं। सर्वप्रथम सभी 20 पार्षद एकमत से खुद दो पार्षदों के नामों की घोषणा करें। पार्षदों के बीच इस फार्मूले पर सहमति नहीं बनी। दूसरा, पर्यवेक्षक ने एक-एक पार्षद से राय लेने का निर्णय किया। अब पार्षदों की राय पर संगठन निर्णय लेगा।
विज्ञापन

तीन सवालों में कैद दो प्रत्याशियों के नाम, मेयर कल खोलेंगे बंद लिफाफा
मीटिंग में सभी पार्षदों को एक फार्म दिया गया। सबसे पहला सवाल, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के लिए खुद दावेदार हैं या नहीं। दूसरा सवाल, अगर आप नहीं तो किसको बनाना चाहेंगे। आखिरी तीसरा सवाल, संगठन प्रत्याशी तय करता है तो सहमत या नहीं। सबसे पहले वार्ड 20 की महिला पार्षद पूनम किलोई के पति सूरजमल किलोई ने राय रखी। जबकि सबसे आखिर में वार्ड 17 के पार्षद राजकमल सहगल चुनाव पर्यवेक्षक के पास पहुंचे।
अंदर जाते-जाते फार्म तो नहीं बदल गए
भाजपा के आधा दर्जन पार्षदों ने फार्म भरते समय एक-दूसरे को दिखाया कि वे खुद के बाद किसका नाम रख रहे हैं। इसमें एक जाट समुदाय के पार्षद के समर्थन में माहौल बना। जबकि एक दूसरे पार्षद ने बताया कि बाहर भरे फार्म को अंदर पर्यवेक्षक के सामने बदल भी दिया गया हो, इसकी संभावना भी है। क्योंकि पर्यवेक्षक ने तीनों सवाल हर पार्षद से दोहराए हैं।
विज्ञापन

महिला पार्षदों की जगह पति देने पहुंचे इंटरव्यू, संतोष ने फोन पर दी राय
भाजपा में 20 में से आठ महिला पार्षद हैं, लेकिन उनमें वार्ड 16 की महिला पार्षद डिंपल जैन व गीता को छोड़कर सुमन सैनी, दीपिका नारा, मुक्ता नागपाल, पूनम किलोई, कंचन खुराना व मंजू हुड्डा के पति मीटिंग में पहुंचे और चुनाव पर्यवेक्षक के सामने अपनी राय रखी। जबकि वार्ड 22 से महिला पार्षद संतोष देवी को जिला अध्यक्ष अजय बंसल ने फोन किया और चुनाव पर्यवेक्षक से बात करवाई।
जाट समुदाय को एक कुर्सी मिलना तय, पंजाबी व एससी-बीसी में फंसा पेंच
पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा जाट समुदाय में से एक पार्षद को कुर्सी दे सकती है। क्योंकि 20 पार्षदों में 8 पार्षद जाट समुदाय से हैं। अगर मैदान में नहीं उतारा तो बगावत हो सकती है। जबकि पंजाबी समुदाय या एससी-बीसी में से किसको दूसरी कुर्सी दी जाए, इसको लेकर पेंच फंसा हुआ है। भाजपा का एक खेमा पंजाबी समुदाय के पार्षद को मैदान में उतारने के पक्ष में नहीं है। जबकि दूसरे खेमे का कहना है कि पंजाबी समुदाय की रोहतक शहर में सबसे ज्यादा वोट हैं। ऐसे में समुदाय की अनदेखी करना कहीं भारी न पड़ जाए। वहीं, बीसी व एससी समुदाय के पार्षदों को भी मैदान में उतारने पर विचार चल रहा है। तर्क है कि इससे दोनों समुदायों में सकारात्मक संदेश जाएगा।
विपक्ष का दावा : भाजपा में बगावत तय, चुनाव की करवाई जाए वीडियोग्राफी
कांग्रेस समर्थक पार्षद कदम सिंह अहलावत का दावा है कि भाजपा के पार्षदों में बगावत तय है। यहीं कारण है कि सोमवार को मीटिंग में पार्षदों के बीच दो नामों पर आम सहमति नहीं बन सकी। अब भाजपा दो नामों को पार्षदों पर थोपती है तो बगावत होगी। ऐसे में भाजपा चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी कर सकती है। ऐसे में मेरी मांग है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाए।
पार्षदों से एक-एक करके राय ली गई। सभी पार्षदों ने सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के लिए प्रत्याशी का चुनाव पार्टी के ऊपर छोड़ा है। जल्द वे पार्टी संगठन को रिपोर्ट दे देंगे। इसके बाद पार्टी की तरफ से नामों की घोषणा की जाएगी।
विज्ञापन

-महिपाल ढांडा, चुनाव पर्यवेक्षक, भाजपा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें