डॉ. अंकुर । संवाद
रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआईएमएस) के नेफ्रोलॉजी विभाग पर लगा ताला इस माह के अंतिम सप्ताह में खुल सकता है। डीएम नेफ्रोलॉजी डॉ. अंकुर गोयल का इस विभाग के लिए नाम लगभग तय हो चुका है। अनुमान है कि इस माह के अंत तक डॉ. गोयल अपनी सेवाएं देने लगेंगे।
नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अमित मान के जाने के बाद विभाग पर लंबे समय से ताला लग गया था। मरीजों को मेडिसिन विभाग के डॉक्टर ही जांचते थे। बतौर नेफ्रोलॉजिस्ट जांच करवाने के लिए मरीजों को निजी अस्पताल या दिल्ली-गुरुग्राम का रुख करना पड़ता था। वहीं नेफ्रोलॉजिस्ट के न होने के चलते किडनी ट्रांसप्लांट करने का सपना यहां सपना ही बना हुआ था। जबकि किडनी ट्रांसप्लांट के लिए पीजीआईएमएस ने अपनी टीम को प्रशिक्षण दिलवा रखा था। लेकिन डॉ. अमित मान के संस्थान छोड़ने के बाद सब कुछ ठप हो गया। अब जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल से बतौर नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अंकुर गोयल ज्वाइन करने वाले हैं। डॉ. अंकुर ने बताया कि उनका सारा काम हो गया है, नियुक्ति पत्र आना बाकी है। उनके पास 600 से अधिक किडनी ट्रांसप्लांट का अनुभव है। उनका प्रयास रहेगा कि पीजीआईएमएस में भी किडनी ट्रांसप्लांट शुरू किया जाए। इससे स्थानीय मरीजों के अलावा प्रदेश के मरीजों को लाभ मिलेगा।