रोहतक। महम हांसी रेलवे लाइन निर्माण के दौरान माल गोदाम रोड की तरफ रेलवे कर्मचारियों के लिए तीन साल पहले तैयार क्वार्टर कंस्ट्रक्शन शाखा ने रेलवे को सौंप दिए हैं। पुराने क्वार्टर ज्यादा जर्जर होने के कारण कुछ कर्मचारियों को जल्द ही अलॉट (आंवटन) कर दिए जाएंगे। क्वार्टर आंवटन की उम्मीद से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
महम-हांसी रेलवे लाइन निर्माण के दौरान साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए रेलवे के 35 क्वार्टर पिछले तीन साल से खाली पड़े थे। देखरेख के अभाव में यह क्वार्टर जर्जर होने की कगार पर आ चुके थे। रेलवे कर्मचारी अभी तक मुख्यालय में दो बार शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन उस पर रेलवे मुख्यालय ने कोई संज्ञान नहीं लिया था। इन आवासों की अभी तक दो बार मरम्मत करवा चुके हैं लेकिन अभी तक उन आवासों को रेलवे कर्मचारियों को नहीं सौंपा गया है। कर्मचारी पिछले तीन साल से ही नहीं पिछले काफी समय से नए आवासों की मांग कर रहे है। फिलहाल कर्मचारी जिन क्वार्टरों में रह रहे हैं उनकी हालत रहने लायक नहीं है। रेलवे कर्मचारी पिछले काफी समय से पुराने क्वार्टराें की मरम्मत के लिए डिवीजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) तक मांग उठा चुके हैं। अब मांग के अनुसार कर्मचारियों को यह क्वार्टर जल्द ही अलॉट कर दिए जाएंगे।
बहुत बार किसी तकनीकी समस्या के कारण भी देरी हो जाती है। कर्मचारियों को यह क्वार्टर अलॉट होने के बाद काफी राहत मिलेगी।
रविंद्र राणा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, रेलवे