महेंद्रगढ़। क्षेत्र में शुक्रवार को तीसरे दिन भी हुई बारिश से पककर तैयार बाजरे की फसल गिरने की आशंका बनी हुई है। काट कर रखी गई बाजरे की फसल भीग गई है। वहीं डेढ़ घंटे हुई बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है जिससे लोगों को परेशानी हुई।
शुक्रवार को दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से शहर में अनेक स्थानों पर जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। शहर के गोशाला रोड, सिनेमा रोड, बालाजी चौक, शंकर मार्केट, मोहल्ला महायचान, पुराना नारनौल रोड, विश्वकर्मा चौक, डुलाना रोड, बस स्टैंड के बाहर, ऑटो मार्केट, ब्रह्मचारी रोड पर जलभराव होने से वाहन चालक बदहाल सड़कों के गड्ढों में हिचकौले खाते रहे।
बस स्टैंड पर बारिश का पानी भर जाने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि शुक्रवार को 50 एमएम से अधिक दर्ज की गई है। इस दौरान बीच-बीच में ज्यादातर क्षेत्रों में बादलवाई तथा वातावरण में नमी बढ़ने तथा तापमान में गिरावट रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार तीन सितंबर तक बूंदाबांदी होने का आसार बन रहे है।