रोहतक। फाइनेंसर का कर्ज न चुकाने पर जेएलएन नहर में कूदकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने युवक के सुसाइड नोट को मधुबन स्थित एफएसएल लैब में जांच के लिए भेज दिया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि जांच सही हो, इसलिए सुसाइड नोट पर किए गए हस्ताक्षर का मिलान कराने के लिए एफएसएल में भेजा है।
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी मंजीत ने कर्जदारों की धमकियों से तंग आकर 15 फरवरी को जेएलएन नहर में कूदकर जान दे दी थी। उसी दिन शाम को पुलिस ने शव बरामद कर लिया था। किलोई के पास नहर पर ही मंजीत की स्कूटी से सुसाइड नोट और मोबाइल मिले थे। 6 पेज का सुसाइड नोट अंग्रेजी में कंप्यूटर से प्रिंट किया गया था और उस पर हस्ताक्षर किए गए थे। उसी के आधार पर परिजन ने कार्रवाई की मांग की है।
युवक के सुसाइड नोट को मधुबन स्थित एफएसएल लैब में हस्ताक्षर मिलान के लिए भेजा गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- ऋषभ सोढ़ी, प्रभारी थाना सदर/डीएसपी