संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के विधि विभाग के जस्टिस कृष्ण अय्यर स्टूडेंट क्लब ने रविवार को संवादात्मक सत्र आयोजित किया। इसमें सितंबर की क्लब गतिविधियों की रूपरेखा बनी।
फैकल्टी कोऑर्डिनेटर अंजलि वर्मा ने बीए एलएलबी प्रथम वर्ष के नए विद्यार्थियों को व्यावहारिक कानूनी कौशल का महत्व समझाया। उन्होंने कानूनी शोध, केस विश्लेषण, प्रभावी संचार, वकालत और टीमवर्क को विधि शिक्षा का अहम हिस्सा बताया। सत्र में एक केस लॉ पर आधारित कानूनी नुक्कड़ नाटक तैयार करने पर चर्चा हुई।
स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर प्रियंका ने नाटक के माध्यम से केस के तथ्यों और कानूनी पहलुओं की प्रस्तुति समझाया। स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर आशु ने विद्यार्थियों से क्लब की भावी गतिविधियों के लिए सुझाव मांगे। विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता कर विचार साझा किए। उन्होंने व्यावहारिक कानूनी शिक्षा, कौशल विकास और सहभागिता के लिए क्लब की पहल की सराहना की।