संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। तापमान बढ़ने के साथ उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं। शुक्रवार की दोपहर का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, आने वाले दिनों में मौसम इसी प्रकार से रहने वाला है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल रहने तथा बीच-बीच में हवाओं व गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी होगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है।
रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा दिन के तापमान में गिरावट बने रहने की संभावना है। एकाएक मौसम में उमस के चलते शुक्रवार को शहर के चौक-चौराहों पर लगे आइसक्रीम, कुल्फी, कोल्ड ड्रिंक्स, शिकंजी, गन्ना के जूस, फलों के जूस की दुकान पर काफी भीड़ देखी गई।
शाम को पार्कों के बाहर बड़ी संख्या में खाने-पीने के सामान की स्टालें व उन पर लगी भीड़ से मेले जैसा दृश्य भी दिखाई दिया।
वहीं डॉ. मनीष ने कहा कि मौसम में आ रहे बदलाव, तापमान में उतार, चढ़ाव के चलते इन दिनों जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार की संक्रामक, वायरस से जुड़ी बीमारियां तेजी से फैलती जा रही हैं। लोगों को अपनी सेहत पर इस समय अधिक ध्यान देने की जरूरत हैं।