महेंद्रगढ़/ कनीना। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सफाई व दमकल कर्मचारी लंबित मांगों और 13 मई को हुए समझौते को लागू करने की मांग को लेकर 26वें दिन भी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगने से आमजन को परेशानी हो रही है।
सफाई कर्मचारी प्रधान पूर्ण कुमार व दमकल प्रधान रामसिंह ने कहा कि सरकार के साथ बार-बार वार्ता के बावजूद समाधान नहीं हुआ। दमकल कर्मचारी प्रदीप ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाल करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन जारी है। कनीना सफाई प्रधान अनिल कुमार मलिक ने कहा कि ठेका प्रथा समाप्त करने, एचकेआरएन व्यवस्था खत्म करने और समान काम के लिए समान वेतन लागू करने की मांग है। उन्होंने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो 31 अगस्त से 3 सितंबर तक हड़ताल जारी रहेगी और आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया जाएगा।