कलानौर। नगरपालिका के वार्ड 8 में आईटीआई के पीछे स्थित गली में महीनों से जमा गंदा पानी स्थानीय लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। मानसून बीत जाने के बावजूद जलभराव की समस्या जस की तस है। हालत इतनी खराब है कि स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने कई बार जन स्वास्थ्य विभाग को शिकायत भी की है लेकिन विभाग की ओर से समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। घरों की दीवारों में भी दरारें आई हुई हैं। लंबे समय से जमा पानी के कारण गली में दुर्गंध फैली रहती है। प्रशासन इसकी तरफ बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है। -जितेंद्र, निवासी
गली में बारिश का सीजन बीत जाने के बाद भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। इसका समाधान होना चाहिए। -टोनी, निवासी
-
गली में पानी भरने के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसको लेकर कई बार शिकायतें भी दी गई हैं। मौके पर निरीक्षण के लिए आए लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है। अब जिला उपायुक्त को शिकायत कर समाधान की मांग करेंगे। -बिजेंद्र, निवासी
-
लंबे समय से गली में जमा पानी से बीमारियाें के फैलने का खतरा भी रहता है। इसको अनदेखा करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। अब समाधान न होने पर मजबूरन जिला उपायुक्त को शिकायत करेंगे। -होशियार, निवासी
वर्जन
बड़ी मोटर का इंतजाम किया जा रहा है। दो से तीन दिन तक वार्ड की जल निकासी करवा दी जाएगी। इसका कारण जिंदरान रोड सीवरेज लाइन का बैठना है। जब तक उसका स्थाई समाधान नहीं होता तब तक जल निकासी का ठोस प्रबंध नहीं हो सकता। -सत्यवान, जेई, जल स्वास्थ्य विभाग