संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। प्रदेश में पहली बार मिक्स्ड टीम टेबल टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। रोहतक के राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में 3 व 4 जनवरी को मिक्सड टीम टेबल टेनिस का टूर्नामेंट होगा। इसमें जिलास्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट में करीब 16 टीमें प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विकास सैनी ने बताया कि जिला प्रशासन, खेल विभाग व एसोसिएशन की ओर दो दिवसीय टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। स्कूल भी सहयोगी भूमिका में रहेंगे। प्रदेश व देश में मिक्स्ड टीम टेबल टेनिस मैच पहले नहीं हुए हैं। यह टूर्नामेंट यूरोपीय देशों में होते हैं।
विकास सैनी ने बताया कि टूर्नामेंट के लिए 16 टीमें बनाई गई हैं। इनमें चार-चार खिलाड़ियों का ग्रुप बनाया जाएगा। टेबल टेनिस कोच भावना सैनी ने बताया कि टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुहाना सैनी, जुबीन कुमार, अवनीत दुआ, निकुंज अत्री, अवनी झांगू समेत राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग लेंगे।
टूर्नामेंट में एक टीम के अंदर एक पुरुष, एक महिला, अंडर-11 व अंडर-15 खिलाड़ी खेलेंगे। इससे सभी कैटेगरी के खिलाड़ियों के एक साथ खेलने से छोटे खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ेगा व साथी खिलाड़ी से खेल का अनुभव होगा।