रोहतक। कांग्रेस के लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि तारे-सितारे यूं ही चमकते रहेंगे। अब 60 के आंकड़े से कुछ नहीं होगा। प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन करने का मन बना चुकी है। हुड्डा रविवार को अनाज मंडी में ग्रामीण रोहतक के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। साथ ही मीडिया से भी बातचीत की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पंचकूला में हुई बीजेपी की बैठक में भूपेंद्र सिंह और दीपेंद्र हुडा को तारा व सितारा कहा था। इसका जवाब में दीपेंद्र ने कहा कि गृहमंत्री ने हमें तारा-सितारा की संज्ञा दी। मैं बताना चाहता हूं तारे-सितारे तो आसमान में चमकते रहे हैं। गृहमंत्री के 60 सीट जीतने के लक्ष्य पर हुड्डा ने कहा कि 60 के मंत्र से कुछ नहीं होगा। पांच साल पहले भाजपा ने 75 पार का नारा दिया था, सीट 40 आईं। लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा दिया, सीट 240 आई। अब लक्ष्य रखने से कुछ नहीं होगा, प्रदेश की जनता ने सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है।
वहीं, अमित शाह ने नायब सैनी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने व अगला सीएम बनने के बाद कांग्रेस में सीएम के चेहरे के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि विधानसभा का चुनाव भूपेंद्र सिंह हुडा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। किरण चौधरी की पार्टी छोड़ने की वजह भूपेंद्र और दीपेंद्र को बताए जाने पर बोले, मैं किसी पर निजी टिप्पणी या बयान नहीं देता। इससे पहले दीपेंद्र ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा हाफ हो गई, विधानसभा चुनाव में साफ हो जाएगी। एससी समाज के शत-प्रतिशत बूथों पर, अहीर बाहुल्य, ब्राह्मण बाहुल्य, पंजाबी बाहुल्य, गुर्जर बाहुल्य, वैश्य बाहुल्य, राजपूत बाहुल्य बूथों समेत रोहतक लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने भाजपा को नकार दिया है। अब प्रदेश में तोड़ने वाली नहीं, बल्कि भाईचारे की राजनीति चलेगी। इस मौके पर विधायक भारत भूषण बतरा, इसराना से विधायक बलबीर सिंह वाल्मीकि, शकुंतला खटक, पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी, बलराम दांगी व अन्य नेता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद दीपेंद्र हुड्डा ने स्टेज तक मिलने आए कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।