रोहतक। जलभराव, सीवर ब्लॉक व ओवरफ्लो की समस्या से प्रभावित शहर के दो बड़े हिस्सों को 15.11 करोड़ की लागत से राहत मिलेगी। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन इलाकों में 600 व 900 एमएम की पाइपलाइनों का बिना खोदाई करे सुधार किया जाएगा। इसमें मशीन वाउंड स्पाइरल लाइनिंग लाइनर (एमडब्ल्यूएसएल) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
शहर के विशाल नगर, राजीव गांधी रोड स्थित चौक, डेयरी मोहल्ला व कृष्णा कॉलोनी में अक्सर जलभराव व सीवर जाम की समस्या रहती है। जन स्वास्थ्य विभाग ने इन क्षेत्र में सीवर पाइपलाइन के सुधार के लिए मुख्यालय प्रस्ताव भेजा था। बीते सप्ताह इसे स्वीकृति मिल चुकी है।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विशाल नगर से राजीव गांधी स्टेडियम रोड तक 600 एमएम (मिलीमीटर) पाइप का 7.06 करोड़ से व रेलवे रोड स्थित अग्रसेन चौक से कृष्णा कॉलोनी तक 900 एमएम सीवर पाइपलाइन को 8.05 करोड़ से सुधारा जाएगा। संवाद
एक साल में होगा सुधार कार्य
जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को दोनों क्षेत्र में सुधार के लिए टेंडर आवंटन के लिए पोर्टल खोला जाएगा। टेंडर के अंतर्गत एक क्षेत्र को एक साल की अवधि में पूरा किया जाएगा। एमडब्ल्यूएसएल से डेयरी मोहल्ला, कृष्णा कॉलोनी, शर्मा कॉलोनी, विशाल नगर, ताऊ देवीलाल नगर व आजादगढ़ के लोगों को राहत मिलेगी।
-
कैसे काम करेगा एमडब्ल्यूएसएल
जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मशीन वाउंड स्पाइरल लाइनिंग लाइनर (एमडब्ल्यूएसएल) एक ट्रेंचलेस तकनीक है जिसका उपयोग सीवर और अन्य पाइपलाइनों को सुदृढ़ करने के लिए किया जाता है। इसमें एक घुमावदार मशीन मौजूदा पाइप के अंदर एक नई, मजबूत लाइनर बनाने के लिए पीवीसी या एचडीपीई की एक पट्टी को सर्पिल रूप से लपेटती है। यह तकनीक बिना खोदाई के पाइप की मरम्मत करती है और इसे कम समय में पूरा किया जा सकता है।
वर्जन
शहर में दो जगह मुख्य सीवर पाइप लाइनों के सुधार के लिए मुख्यालय से स्वीकृति मिली है। इसके लिए 20 नवंबर को टेंडर खोला जाएगा। टेंडर अलॉट होने के बाद एजेंसी एक साल में कार्य पूरा करेगी।
- संजीव कुमार, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग
कृष्णा कॉलोनी के पास बेरी रोड पर रोजाना नाला व सीवर ओवरफ्लो रहते हैं। आमजन को यहां से आवागमन करते समय परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
- हरबंस लाल, मालगोदाम रोड
विशाल नगर व बस स्टैंड रोड पर बरसात में सीवर जाम की समस्या रहती है। प्रशासन की ओर से सीवर लाइन की स्थायी तौर पर समस्या दूर की जाए तो राहत मिलेगी।
- पुनीत सिंहमार, विशाल नगर निवासी
10...कृष्णा कॉलोनी स्थित मालगोदाम रोड पर सीवर ब्लॉक होने से गली में बहता गंदा पानी। संवाद
10...कृष्णा कॉलोनी स्थित मालगोदाम रोड पर सीवर ब्लॉक होने से गली में बहता गंदा पानी। संवाद