46नाटक सेडक्शन का मंचन देख गुदगुदाते हुए दर्शक । स्रोत आयोजक
रोहतक। दुनिया के प्रसिद्ध नाटककार चेखव के चर्चित नाटक सेडक्शन का एक निजी स्कूल में मंचन किया गया। एक घंटे तक मंच पर चले रोमांस और कॉमेडी के इस तमाशे ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा की ओर से हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (हिपा) के कलाकारों की ओर से प्रस्तुत इस नाटक का निर्देशन रंगकर्मी विश्वदीपक त्रिखा ने किया।
छात्र कल्याण विभाग एमडीयू के सेवानिवृत्त निदेशक डॉ. जगबीर राठी मुख्य अतिथि रहे। डॉ. दीपक भारद्वाज अधिवक्ता और संघ के जिला प्रमुख संजय शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। संबोधन में राठी, डॉ. दीपक भारद्वाज और संजय शर्मा ने कहा कि नाटक लोगों को संवेदनशील और कल्पनाशील बनाते हुए उनमें मानवीय मूल्यों का सृजन करता है।
स्कॉलर्स रोजरी स्कूल में हुए नाटक की कहानी में पीटर नाम का एक युवा दावा करता है कि वह किसी भी महिला को अपने प्यार में डाल सकता है। वह यह सब उससे बिना मिले और बिना बात किए भी कर सकता है। इसी की बानगी पेश करते हुए वह एक धनाढ्य व्यक्ति निकोलिस की सुंदर पत्नी आयरीना को निशाना बनाता है।
शुरू में आयरीना उसे इग्नोर करती है लेकिन फिर उसके प्यार में पड़ जाती है। नाटक के अंत में वह पीटर की इंसानियत को झकझोर कर उसे औरतों को अपने जाल में फंसाने और लोगों की गृहस्थी को बर्बाद करने का काम न करने के लिए प्रेरित करने में कामयाब हो जाती है। नाटक में आयरीना की भूमिका गुरुग्राम की वरिष्ठ अभिनेत्री सुहासिनी ने निभाई।
अविनाश सैनी ने निकोलस और अभिषेक ने पीटर के किरदारों को जीवंत किया। संगीत विकास रोहिल्ला और सुभाष नगाड़ा का रहा। मेकअप अनिल शर्मा ने किया। मंच सज्जा व प्रकाश व्यवस्था मनीष खरे व जगदीप जुगनू ने संभाली। ड्रेस पूजा कोचर की रही और प्रोडक्शन में शक्ति सरोवर त्रिखा व समीर शर्मा रहे। मंच संचालन आध्या वाधवा ने किया।