रोहतक। हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी ने डिपो में बैठक कर महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपने का फैसला किया है। यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे हड़ताल पर जा सकते हैं जिसमें डिपो बंद करने का भी निर्णय लिया जा सकता है।
बैठक का संचालन संयुक्त रूप से जोगेंद्र ढुल और सुरेश नहरा ने किया। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले दो साल से बकाया रात्रि भत्ता और मेडिकल बिल का भुगतान किया जाए। कर्मचारियों का एसीपी (सुनिश्चित कॅरिअर प्रगति) जल्द से जल्द दिया जाए। चालकों और परिचालकों को समय पर छुट्टी दी जाए।
विज्ञापन
चालकों और परिचालकों की कम बुकिंग के लिए रिकवरी नोटिस और किलोमीटर प्रति लीटर के अनावश्यक पत्र बंद किए जाएं। परिवहन समिति की बसों को निर्धारित समय पर चलाया जाए। जोगेंद्र ढुल ने कहा कि 24 सितंबर को महाप्रबंधक को एक मांग पत्र सौंपेंगे।
यदि मांगों का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो कमेटी एक आपात बैठक बुलाकर बड़े आंदोलन का निर्णय लेगी। इस अवसर पर सुरेश नहरा, सुमेश कुंडू, संदीप सिंघवा, नरेश सिवाच, संदीप खोखर, मंजीत कारोर, जोगेंद्र ढुल, सुमेर सिवाच और राजेश पंघाल ने भाग लिया।