रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में एससी-बीसी वर्ग सहित नियोजित एवं स्वयं वित्त पोषित (एसएफएस) श्रेणी के 100 से अधिक शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है जिसे शिक्षकों ने नव वर्ष की बड़ी सौगात बताया। विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने इसके लिए कुलपति प्रो. राजबीर सिंह का आभार व्यक्त किया।
शिक्षकों ने बताया कि नियोजित शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया पहले ही पूर्ण हो चुकी है जबकि एसएफएस शिक्षकों की सीएएस (सीएएस) पदोन्नति के लगभग सभी साक्षात्कार केवल पिछले तीन माह में संपन्न कराए गए हैं। शेष मात्र 2-3 प्रतिशत साक्षात्कार तकनीकी कारणों से लंबित हैं जिन्हें जनवरी के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
यूआईईटी निदेशक प्रो. अश्वनी ढींगड़ा ने यूआईईटी के एसएफएस शिक्षकों की सीएएस पदोन्नति प्रक्रिया सुचारु, पारदर्शी व समयबद्ध ढंग से पूरी करने में सहयोग दिया। कहा कि इतने कम समय में एससी-बीसी वर्ग सहित 100 से अधिक शिक्षकों की पदोन्नति पूरी होना कुलपति की दूरदर्शी सोच, निर्णायक नेतृत्व और शिक्षकों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।