संवाद न्यूज एजेंसी
कलानौर (रोहतक)। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलानौर में 12वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी प्राचार्य देवेंद्र कटारिया को पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश किया। यहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इधर, शिक्षा विभाग की ओर से गठित जांच कमेटी सदस्यों ने बुधवार को विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
शिक्षा विभाग की जांच कमेटी ने स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। साथ ही, विद्यालय के रिकॉर्ड की पड़ताल की। जांच टीम को स्कूल में यौन उत्पीड़न कमेटी के नाम पर गंभीर लापरवाही मिली। यहां न तो किसी प्रकार का शिकायती रजिस्टर मिला, न ही कार्रवाई संबंधी कोई दस्तावेज उपलब्ध हुए।
सात जनवरी को हुई थी छात्रा से छेड़छाड़
12वीं की छात्रा ने सात जनवरी को एनएसएस शिविर में भाग लेने स्कूल गई थी। यहां प्राचार्य देवेंद्र कटारिया ने उसे कार्यालय से नोटबुक लाने के लिए भेजा। आरोप है कि जब वह कार्यालय में गई तो प्राचार्य पीछे-पीछे स्कूल कॉरिडोर तक आ गए और कंधे पर हाथ रखते हुए उसे चूम लिया था। मंगलवार को पिता के साथ कलानौर थाने में छात्रा ने एफआईआर लिखाई थी। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया था।
एक साल पहले यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति गठित करने के मिले थे निर्देश
जनवरी 2025 में शिक्षा विभाग ने विशेष प्रशिक्षण देकर सभी स्कूलों में यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति गठित करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद कलानौर के इस विद्यालय में किसी भी प्रकार की कार्रवाई या समिति का गठन नहीं हुआ। शिक्षा विभाग की जांच कमेटी की ओर से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, इस गंभीर प्रकरण के सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा व्यवस्था व प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी प्राचार्य को अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।मामले की जांच की जा रही है।
- सतपाल, प्रभारी, थाना कलानौर
-