रोहतक। शिमला में 13 जून को स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर की गई हत्या के तार रोहतक के साथ विदेश से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को भी शिमला व जिला पुलिस पूछताछ के लिए रोहतक में मनीषा के भाई हिमांक के घर पहुंची और उनसे एक घंटे तक पूछताछ की।
पुलिस ने हिमांक का मोबाइल फोन जांचने के अलावा अन्य लोगों से भी बातचीत कर तथ्य जुटाने का प्रयास किया। जिला पुलिस ने सिंहपुरा में हिमांक पर हुए जानलेवा हमले के बारे में भी पूछताछ की।
इन हमलावरों का अब तक कुछ पता नहीं लगा है। ये कौन हैं और क्यों वारदात को अंजाम दिया, यह अपने आपमें बड़ा सवाल है। पुलिस को इनका जवाब मिलने का इंतजार है। इनके जवाब में ही स्कूल संंचालिका की हत्या का राज खुलने की संभावना है।
इस मामले में पुलिस के हाथ लगे कुछ मोबाइल नंबरों की जांच में एक विदेशी नंबर से बात होना जांच अधिकारी को अखर रहा है। यह नंबर किसका है और कहां बात हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस की शक की सुई स्कूल संचालिका के जानकारों के इर्द-गिर्द घूम रही है इसीलिए लगातार पूछताछ की जा रही है।
हत्या व हत्यारोपी के बीच की कड़ी जोड़ने के लिए ही पुलिस शुक्रवार दोपहर बाद रोहतक पहुंची। पूछताछ के बाद टीम वापस लौट गई। इधर, शिमला वाला स्कूल सरकार ने अपने अंडर में ले लिया है। यहां डिप्टी कमिश्नर को स्कूल का प्रशासक बनाया गया है।
इस संंबंध में स्कूल के प्रेजिडेंट व चेयरमैन को पत्र लिखा गया है। इसमें स्कूल का कार्यभार प्रशासक को सौंपने के लिए कहा गया है।