रोहतक। गांव किलोई निवासी ऋषभ व उसके चचेरे भाई रौनक की मौत का पुलिस तीसरे दिन भी कारण पता नहीं कर सकी। इसके लिए वीरवार को ग्रामीणों ने गांव में पुलिस के साथ पंचायत रखी थी लेकिन वीआईपी कार्यक्रम होने की बात कहकर पुलिस पंचायत में नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों में गुस्सा देखने के लिए मिला।
धर्मवीर ने बताया कि सोमवार को ऋषभ व उनके चचेरे भाई रौनक को एक युवक गांव धामड़ स्थित शीतल स्कूल में बास्केटबॉल खेलने के लिए ले गया था लेकिन वह दोनों रात को घर नहीं आए। परिजनों ने पूरी रात तलाश की मगर उनका पता नहीं लगा। इस पर सदर थाना में शिकायत दी।
जब पुलिस व ग्रामीणों ने मिलकर तलाश की तो दोनों का शव नहर में मिला। रौनक के पिता सुमित ने उनके बेटे व भतीजे की हत्या कर शव नहर में फेंकने के आरोप लगाए हैं मगर तीन दिन तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर गांव में पंचायत रखी गई। इसमें पुलिस को भी बुलाया गया था मगर थाना प्रभारी ने वीआईपी कार्यक्रम होने की बात कहकर पंचायत में आने से मना कर दिया।
आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद भी गिरफ्तार नहीं दिखा रही पुलिस
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को पकड़ा रखा है लेकिन उनकी गिरफ्तार नहीं दिखा रही है।
वर्जन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा। हालांकि, पुलिस शिकायत के आधार पर पूछताछ करने में लगी हुई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। -सुरेंद्र, प्रभारी, सदर थाना ।