रोहतक। निजी अस्पताल के बाहर सोमवार को मरीज के परिजनों और बिजली कर्मचारियों ने 8 घंटे तक प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही के कारण पीड़ित संदीप की हालत खराब हो गई।
सनसिटी स्थित निजी अस्पताल के बाहर सड़क पर बैठकर कर्मचारियों व परिजनों ने सुबह 10 बजे से देर शाम तक प्रदर्शन किया। पीड़ित की पत्नी हेमलता ने बताया कि 11 तारीख को उनके पति संदीप को गिरने के कारण चोट लगी थी।
विज्ञापन
इस कारण लिवर फट गया था। कूल्हे की हड्डी व तीन पसलियां टूट गई थीं। डॉक्टरों ने कहा था पहले लिवर का इलाज होगा। बाद में हड्डी का ऑपरेशन। हेमलता ने बताया कि रात 12 बजे के बाद मरीज को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया और सुबह 5 बजे लाया गया। तब मरीज बेहोश था और दाहिनी तरफ चीरा लगा हुआ था जबकि चोट बाईं तरफ थी।
परिजनों ने कई बार डॉक्टरों को बुलाने की कोशिश की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने ने मांग की कि लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रखेंगे। मौके पर पुलिस भी मौजूद रही और मामले की जांच का आश्वासन दिया।