कलानौर। कलानौर इंदिरा पार्क में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। 123 लाख रुपये की लागत से पार्क का सुंदरीकरण किया जा रहा है लेकिन बारिश का पानी भरा हुआ है। बच्चों के झूले, कुर्सी सहित ओपन जिम का सामान भी पानी में डूब गया है। निकासी का कोई प्रबंध नहीं है।
पार्क ने तालाब का रूप धारण कर लिया है। पार्क में मक्खी-मच्छर पनप रहे हैं। ऐसे में सुबह-शाम सैर करने वालों के लिए जलभराव समस्या बना हुआ है। वहीं, पार्क में सुबह के समय योग करवाया जाता था लेकिन जलभराव के कारण समस्या आ रही है।
जगदीप, सोनू, सोमनाथ, मदनपाल, लक्ष्मी नारायण, जितेंद्र ने बताया कि पार्क में सैर करने के लिए आते थे। पानी जमा होने की वजह से डेंगू और मलेरिया फैलने का खतरा भी लगातार बढ़त रहा है। दो दिन पहले ज्यादा बारिश की वजह से पानी भर गया है।
मोटर लगाकर पानी निकाला जा रहा है। नपा अध्यक्ष विनय ने कहा कि दो दिन पहले ज्यादा बारिश की वजह से पार्क में पानी भर गया है।