रोहतक। पुलिस की साइबर सेल के एएसआई संदीप लाठर की मौत मामले में जांच को लेकर परिवार अभी भी संशय में है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से 11 नवंबर को चंडीगढ़ में उनके आवास कबीर कुटिया में हुई मुलाकात के बाद पत्नी संतोष को प्रथम श्रेणी की नौकरी को लेकर संतुष्टि जाहिर की है।
एएसआई के परिवार ने केस की त्वरित जांच व एएसआई को अब तक शहीद का दर्जा नहीं दिए जाने पर असंतुष्टि जताई है। इस संबंध में परिवार केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करेगा। इसके बाद खाप प्रतिनिधि पंचायत का फैसला लेंगे। इसके बाद अगला कदम उठाया जाएगा।
एएसआई के चचेरे भाई भूप सिंह व ममेरे भाई संजय लाढ़ौत ने बताया कि संजय के कार्यालय पर वीरवार को खाप प्रतिनिधि आए थे। इनके साथ सीएम से हुई मुलाकात व बातचीत साझा की। परिवार ने नौकरी को लेकर मिले आश्वासन पर संतुष्टि जताई है।
एएसआई को शहीद का दर्जा देने के संबंध में आधिकारिक रूप से पत्र जारी नहीं होने व जांच के नाम पर कुछ नहीं निकलने पर असंतुष्टि जताई है, इसलिए केंद्रीय मंत्री से बात की जाएगी। इसके लिए खाप प्रतिनिधि दो दिन का समय दें। दो दिन बाद खाप को अवगत कराया जाएगा।
इसके बाद खाप का निर्णय मान्य होगा। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि जुलाना या लाढ़ौत में पंचायत की जा सकती है। इस मौके पर हुड्डा खाप से ओमप्रकाश हुड्डा, खरावड़ से बिजेंद्र मलिक, लाठर खाप के प्रधान बसाऊ लाठर, हंसराज डीघल, हरज्ञान सरपंच, संजय सरपंच भैयापुर व अन्य खाप प्रतिनिधि मौजूद रहे।