रोहतक। कच्चा चमारिया चौक स्थित वार्ड पांच के सांची चौक पर पीने के पानी की पाइप लाइन तो है मगर उन में पंद्रह वर्ष से अधिक समय से पानी नहीं बहा है। इसी कारण निवासियों को रोजाना पानी की व्यवस्था करने जाना पड़ता है। कभी खरीदकर तो कभी हैंडपंप से या बूस्टर से भर कर लाते हैं। निवासी काशीदास ने बताया कि वह पिछले पंद्रह वर्ष से माता दरवाजा स्थित बूस्टर से रोजाना पानी भरकर ला रहे हैं। सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज कराई गईए मगर कोई समाधान नहीं निकाला गया है।
लघु सचिवालय में सोमवार को सांची चौक निवासी मांगपत्र लेकर जिला उपायुक्त से मिलने पहुंचे। मगर अधिकारियों ने उन्हें सोनीपत रोड स्थित जन स्वास्थ्य विभाग में भेज दिया। वहां पर बैठे अधिकारियों ने मांग पत्र स्वीकार करने से इंकार करते हुए वार्ड पांच के निवासियों को सुभाष चौक स्थित जन स्वास्थ्य विभाग की दूसरी शाखा में अधिकारियों से मिलने के लिए भेज दिया। निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि अधिकारी केवल चक्कर कटा रहे हैं, मगर समाधान नहीं निकाल रहे। पिछले हफ्ते भी ज्ञापन सौंपा गया था तब भी आश्वासन देकर भेज दिया गया।
वर्जन :
सांची चौक से काली मां के मंदिर तक जाने का रास्ता थोड़ा चढ़ाई के सामान है। इस कारण वहां की पाइप लाइनों में कहीं वर्षों से पानी नहीं पहुंच पाया है। निवासियों के साथ हमने भी अधिकारियों के पास चक्कर काटकर कई बार प्रयास किया है मगर हमारी समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
-सतीश कुमार, पार्षद पति, वार्ड 5